नई दिल्ली। बाहरी उत्तरी जिले के भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र में हुई एक युवक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझाते हुए पांच आरोपिताें को पकड़ा है। इनमें तीन नाबालिग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या पुरानी रंजिश और बदले की भावना में की गई थी। पुलिस के मुताबिक घटना आठ नवंबर की है। पुलिस काे अस्पताल से सूचना मिली कि करन नामक युवक को झगड़े के दौरान गंभीर चोटें आई हैं और उसे मृत घोषित किया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि करन ई-रिक्शा चलाता था। उसी दौरान दुर्गा चौक, भलस्वा डेयरी के पास कुछ युवकों ने उसे रोका और जबरन अपने साथ ले गए। कुछ देर बाद करन घायल अवस्था में वाटर पाइपलाइन के पास मिला। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए।
बाहरी उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने साेमवार काे बताया कि मामले काे गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दाे टीमाें का गठन किया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी पांच आरोपितों को दबोचा। पुलिस उपायुक्त के अनुसार पकड़े गए आरोपितों की पहचान मोहम्मद समीर, सुलैमान और तीन नाबालिग के रूप में हुई है।
वहीं, पूछताछ में आरोपिताें ने बताया कि मृतक करन पहले समीर और एक नाबालिग को लगातार परेशान करता था और आपसी झगड़े भड़काने की कोशिश करता था। इसी रंजिश में समीर, सुलैमान और तीन नाबालिग ने मिलकर बदला लेने की साजिश रची। आठ नवंबर को समीर ने फोन कर करन को मिलने के बहाने बुलाया। पांचों ने मिलकर उसे पकड़ लिया और वाटर पाइपलाइन की ओर ले गए। जहां सुलैमान ने करन का गला दबाया और बाकी ने पत्थरों और ईंटों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
