नई दिल्ली। सीपीजे कॉलेज ऑफ हायर स्टडीज और स्कूल ऑफ लॉ दिल्ली राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सहयोग से 14 और 15 नवंबर 2025 को कॉलेज परिसर में “समकालीन युग में मानवाधिकार: महत्वपूर्ण चिंताएं और वैश्विक गतिशीलता” विषय पर एक राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता का आयोजन करेगा।
संस्थान के महासचिव डॉ. अभिषेक जैन और महानिदेशक डॉ. युगांक चतुर्वेदी ने बुधवार को एक विज्ञप्ति जारी कर बताया कि इस मूट कोर्ट प्रतियोगिता में देशभर के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के 200 से अधिक छात्र भाग लेंगे। इस दौरान प्रतिभागी अपने कानूनी ज्ञान, मूटिंग, वाद-विवाद, संचार और प्रस्तुति कौशल को निखार सकेंगे। भाग लेने वाले छात्र प्रमुख कानूनी दिग्गजों के व्यावहारिक विचारों और अवधारणाओं से भी लाभान्वित होंगे, जो सभी आयोजनों के मानद निर्णायक होंगे।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के रजिस्ट्रार जोगिंदर सिंह, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल वीरेंद्र सिंह, बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सह-अध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा और डॉ. बीआर आंबेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) देविंदर सिंह राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मानद अतिथि होंगे।
