नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स यूनिट ने राजधानी में सक्रिय एक बड़े ड्रग सिंडिकेट पर करारा प्रहार किया है। टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर देर रात छापेमारी कर करीब तीन किलो हेरोइन बरामद की। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से दो तस्करों रंजीत मेहरा उर्फ कन्नू (27) और संजना (26) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार के नेतृत्व में मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने बाहरी रिंग रोड स्थित छत्रपति शिवाजी पार्क, बसई दारापुर इलाके में जाल बिछाया। ऑपरेशन के दौरान आरोपित स्कूटी पर ड्रग्स की डिलीवरी करने पहुंचे, तभी पुलिस ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया। तलाशी में रंजीत के पास से 2.785 किलो और संजना से 207 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
दोनों आरोपिताें के पास से दो स्कूटी भी जब्त की गई हैं। जिनका इस्तेमाल ड्रग्स की सप्लाई में किया जा रहा था। जांच में पता चला कि रंजीत, जो पहले छोटा व्यापारी था, आर्थिक तंगी के चलते तस्करी में शामिल हो गया था। वहीं संजना ने भी इसी नेटवर्क से जुड़कर डिलीवरी का काम संभाल रखा था।
