नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि राजधानी के सरकारी स्कूलों में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त खेल मैदान विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार विभिन्न खेल अकादमियों के साथ साझेदारी करेगी। इसके तहत क्रिकेट, बॉक्सिंग, ताइक्वांडो, फुटबॉल, तैराकी और अन्य खेलों की ट्रेनिंग के लिए अकादमियों से एमओयू साइन किए जाएंगे। इन अकादमियों को खेल सुविधाओं के उपयोग की अनुमति और आवश्यक सहयोग भी दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में शिक्षा विभाग के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर विभागीय कार्यकलापों की समीक्षा की और अधिकारियों को इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के अनुसार हम चाहते हैं कि बच्चों को बचपन से ही खेलों का व्यवस्थित प्रशिक्षण मिले, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार कर सकें। खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी प्रशिक्षण है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग के पास इस समय 799 स्कूल बिल्डिंग्स या कैंपस हैं। संबंधित अधिकारियों को यह निर्देश दिया गया है कि वे यह जांच करें कि किन स्कूलों में स्पोर्ट्स ग्राउंड या ऑडिटोरियम विकसित किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जहां बड़े मैदान उपलब्ध हैं, वहां आधुनिक स्पोर्ट्स ग्राउंड विकसित किए जाएंगे और जहां स्थान सीमित है, वहां बहुउद्देश्यीय ऑडिटोरियम या मिनी स्पोर्ट्स एरिना बनाए जा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों को इस योजना में प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को भी समान अवसर मिल सकें। सरकार कुछ चुनिंदा स्कूलों में स्विमिंग पूल निर्माण की संभावनाओं पर भी विचार कर रही है, ताकि बच्चों को सभी प्रमुख खेलों की आधारभूत ट्रेनिंग दी जा सके। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि इस योजना के लिए बजट की कोई कमी नहीं होगी और इसे जल्द से जल्द प्रारंभ किया जाएगा।
