नई दिल्ली। रोहिणी जिला जिले कीे ऑपरेशन पराक्रम के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। साउथ रोहिणी थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास और लूट की कोशिश से जुड़े मामले को सिर्फ तीन दिनों में सुलझाते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक चाकू, एक स्क्रू ड्राइवर, एक आइस ब्रेकर (पोकर) और एक स्विफ्ट डिज़ायर कार भी बरामद की है, जिसका इस्तेमाल वारदात में किया गया था।
राेहिणी जिले के पुलिस उपायुक्त राजीव रंजन ने बुधवार काे बताया कि मामला 8 नवंबर की रात का है, जब विश्राम चौक स्थित बंसीवाला दुकान के पास एक पीसीआर कॉल पर पुलिस को चाकूबाजी की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि दुकान पर तैनात सुरक्षा गार्ड को तीन बदमाशों ने हमला कर घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। आरोपितों ने दुकान का ताला तोड़ने की कोशिश की थी, लेकिन गार्ड के रोकने पर उसे चाकू मार दिया गया। घायल के बयान पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार घटना की गंभीरता को देखते हुए एसीपी अतुल सूद की देखरेख में पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और मानवीय खुफिया तंत्र की मदद से जांच शुरू की। टीम ने उक्त मामले में जहिद उर्फ हसन उर्फ बाबू (27), सत्यभान (25) और लक्ष्य उर्फ लूथरा (30) को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला है कि जहिद पर पहले से सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। जबकि सत्यभान और लक्ष्य के खिलाफ डकैती, धोखाधड़ी और जाली नोट जैसे मामलों में कार्रवाई हो चुकी है।
