Google ने अपने शॉपिंग प्लेटफॉर्म को और उन्नत बनाने के लिए कई नए AI-सक्षम फीचर्स पेश किए हैं। कंपनी का कहना है कि ये टूल्स ऑनलाइन ही नहीं बल्कि आसपास की दुकानों से खरीदारी को भी तेज़ और सुविधाजनक बनाएंगे। खास बात यह है कि अब AI केवल प्रोडक्ट ढूंढने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नज़दीकी दुकानों को फोन करके उपलब्ध स्टॉक, कीमत और ऑफर्स की जानकारी भी जुटाएगा। इतना ही नहीं, कीमत कम होते ही आपके लिए ऑटोमेटिक खरीदारी भी पूरी कर देगा।
AI Mode अब हुआ और भी प्रभावी
Google का नया AI Mode अब बातचीत के अंदाज़ में प्रोडक्ट खोजने की क्षमता देता है। यानी आपको सटीक कीवर्ड टाइप करने की जरूरत नहीं। अगर आप कहें –
“अटलांटा ट्रिप के लिए जींस और ड्रेस के साथ मैच करने वाला हल्का स्वेटर चाहिए”,
तो AI मौसम, फैशन और जरूरत समझकर आपके लिए सबसे बेहतर विकल्प कीमत, रिव्यू और उपलब्धता के साथ दिखाएगा।
Gemini ऐप में US उपयोगकर्ताओं के लिए यह फीचर सक्रिय हो चुका है। यहां AI केवल विवरण नहीं दिखाता, बल्कि अपने आप तुलना तालिका बनाकर प्रोडक्ट्स और उनकी कीमतों को व्यवस्थित रूप में प्रस्तुत करता है।
AI खुद करेगा नज़दीकी दुकानों को कॉल
Google ने एक नया AI-आधारित store calling फीचर भी जोड़ा है। जब आप पास की दुकान से कोई प्रोडक्ट ढूंढते हैं—जैसे ब्यूटी, फिटनेस, इलेक्ट्रॉनिक्स या खिलौने—तो “Let Google Call” का विकल्प दिखाई देता है। आप केवल ब्रांड या बजट बता दें, बाकी काम AI संभाल लेता है:
- आसपास की दुकानों को फोन करना
- स्टॉक उपलब्धता पूछना
- कीमत और ऑफर्स की पुष्टि करना
- पूरी जानकारी आपको टेक्स्ट या ईमेल में भेजना
यह फीचर Google Duplex और नए Gemini मॉडल के संयोजन से काम करता है।
AI ऐसे पूरी करता है ऑर्डर
- आप किसी प्रोडक्ट को price alert पर लगाते हैं।
- कीमत आपके सेट किए गए रेंज में आते ही नोटिफिकेशन मिलता है।
- “Buy for me” पर क्लिक करते ही ऑर्डर प्रोसेस शुरू हो जाता है।
- एड्रेस और पेमेंट कन्फर्म करें।
- Google Pay के जरिए AI स्वतः ऑर्डर पूरा कर देता है।
