पिछले हफ़्ते NASA ने कॉमेट 3I/ATLAS की नई तस्वीरें जारी कीं, जिसे हमारे सौरमंडल से गुज़रने वाला तीसरा इंटरस्टेलर ऑब्जेक्ट माना जाता है। 1 जुलाई 2025 को इसकी खोज के बाद से यह लगातार सुर्खियों में है। लेकिन इसके साथ एक और धूमकेतु भी है जिसके बारे में कम बात होती है, जबकि वह उतना ही दिलचस्प है—कॉमेट ATLAS (C/2025 K1), जिसे 24 मई को खोजा गया था। इस महीने वैज्ञानिकों ने देखा कि यह अचानक तीन चमकीले हिस्सों में टूट गया, जिसने खगोलविदों को भी चौंका दिया। फ़ोटोग्राफ़र माइकल जैगर द्वारा ली गई तस्वीरों को spaceweather.com ने साझा किया है, जिनके अनुसार 12 नवंबर से लगातार कई दिनों तक धूमकेतु के कम से कम तीन चमकीले टुकड़े दिखाई दिए। जैगर ने 12, 14, 18, 19 और 20 नवंबर की तस्वीरों का एक एनिमेशन भी बनाया है, जिसमें टूटते हुए धूमकेतु का पूरा दृश्य दिखता है। SkyLive के मुताबिक यह धूमकेतु 24 नवंबर से उर्सा मेजर तारामंडल की दिशा में घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। यह वही एप्लिकेशन है जो दुनिया भर में स्काई-वॉचर्स को तारों और ग्रहों को ट्रैक करने में मदद करता है।
अधिकतर धूमकेतु या इंटरस्टेलर ऑब्जेक्ट सूरज की अल्ट्रावॉयलेट रोशनी और गैसों के कारण हरे या नीले दिखाई देते हैं, जैसे डाइकार्बन या साइनाइड गैस की वजह से। लेकिन कॉमेट ATLAS (C/2025 K1) को खास बनाती है इसकी अनोखी सुनहरी चमक। शौकिया खगोलविद डैन बार्टलेट द्वारा ली गई एक तस्वीर में इसका यह रंग साफ़ दिखाई देता है। एरिज़ोना स्थित लोवेल ऑब्ज़र्वेटरी के खगोलविद डॉ. डेविड श्लाइकर के अनुसार, धूमकेतु में संभवतः वे कार्बन आधारित अणु मौजूद नहीं हैं जो आमतौर पर धूमकेतुओं को हरा या नीला बनाते हैं, और इसी वजह से इसका रंग सुनहरा दिखाई देता है। इटली के खगोलविद जियानलुका मासी ने वर्चुअल टेलिस्कोप प्रोजेक्ट की रोबोटिक यूनिट के ज़रिए इस धूमकेतु के तीन टुकड़ों में बंटने की कई तस्वीरें कैप्चर की हैं, और संभव है कि एक चौथा टुकड़ा भी बन रहा हो। यह रोबोटिक सुविधा दुनिया के किसी भी हिस्से से आसमान को रियल-टाइम में देखने की सुविधा देती है, जिससे ऐसे दुर्लभ खगोलीय घटनाओं को रिकॉर्ड करना संभव हो पाता है।
