नई दिल्ली, 26 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बुधवार को संविधान दिवस पर सभी प्रदेशवासियों को बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि संविधान के इन पावन मूल्यों को आत्मसात करते हुए, सब मिलकर “विकसित भारत” के निर्माण में सहभागी बनने का संकल्प लें।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने साेशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा कि हमारा संविधान न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व जैसे उच्च आदर्शों पर आधारित एक जीवंत दस्तावेज है, जिसकी रचना भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की दूरदर्शी सोच, गहन विद्वत्ता और अद्वितीय परिश्रम का परिणाम है।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह महान संविधान न केवल राष्ट्र की एकता और अखंडता का मजबूत आधार है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और अवसर प्रदान कर नए भारत की दिशा को भी प्रकाशमान करता है।
उल्लेखनीय है कि, 26 नवंबर को पहले राष्ट्रीय कानून दिवस के तौर पर मनाया जाता था, लेकिन अब इसे संविधान दिवस के तौर पर मनाया जाता है।
