श्रीनगर । भारत जोड़ो यात्रा अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है। रविवार दोपहर को राहुल गांधी ने लाल चौक पर तिरंगा फहराया। इस दौरान विजयी विश्व तिरंगा प्यारा से श्रीनगर गूंज उठा। आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। पदयात्रा सुबह पंथा चौक से शुरू जो श्रीनगर शहर के बुलेवार्ड रोड पर नेहरू पार्क के पास समाप्त होगी।
30 जनवरी को एसके स्टेडियम में सार्वजनिक रैली की जाएगी। इसमें 23 विपक्षी राजनीतिक दलों को आमंत्रित किया गया है। इसके बाद यात्रा का समापन होगा। इससे पहले सुरक्षा में चूक के घटनाक्रम के बाद शनिवार को तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच चुरसू गांव अवंतिपोरा से यात्रा बहाल हुई।
महबूबा मुफ्ती ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा कश्मीर में ताजी हवा की सांस की तरह है, क्योंकि इतनी बड़ी संख्या में लोगों को 2019 के बाद पहली बार घरों से बाहर निकलने का मौका मिला है। केंद्र सरकार ने पांच अगस्त, 2019 को अनुच्छेद 370 को निरस्त किया था और उसके बाद इतनी बड़ी संख्या में लोगों को बाहर नहीं आने दिया गया।
राहुल के साथ चलना एक शानदार अनुभव था। यह बात महबूबा मुफ्ती ने ट्वीट के जरिये कही। भारत जोड़ो यात्रा के लिए पहले से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा बलों की ओर से यात्रा के शुरुआती बिंदु तक जाने वाली सभी सड़कों को सील कर दिया गया था।
