भोपाल । मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में भारतीय वायुसेना के दुर्घटनाग्रस्त लड़ाकू विमान मिराज 2000 का ब्लैक बॉक्स और सुखोई-30 विमान के फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर का एक हिस्सा मलबे से मिला है। अब इस ब्लैक बॉक्स और डेटा रिकॉर्डर से हादसे के बारे में पता चल सकेगा। बता दें कि ब्लैक बॉक्स या फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर, विमान में रखा गया एक इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्डिंग डिवाइस होता है जो उड़ान दुर्घटनाओं की जांच में मदद करता है।
पहाड़गढ़ इलाके में मिराज विमान का ब्लैक बॉक्स मलबे से मिला है। मुरैना के पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने बताया कि सुखोई विमान के ब्लैक बॉक्स का एक हिस्सा भी मिल गया है और रिकॉर्डर का शेष हिस्सा भरतपुर में गिरने की आशंका है। उन्होंने कहा कि वायुसेना, पुलिस और अन्य विभाग सुखोई विमान रिकॉर्डर के शेष हिस्से की तलाश कर रहे हैं। अधिकारियों ने पहले कहा था कि हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
भारतीय वायु सेना (IAF) के दो फ्रंटलाइन लड़ाकू विमान शनिवार को अभ्यास के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे, जिसमें एक विंग कमांडर की मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य पायलट सुरक्षित बाहर निकाले गए थे।
रक्षा विशेषज्ञों की आशंका है कि रूसी-डिजाइन किए गए सुखोई-30MKI जेट और फ्रांसीसी मिराज-2000 के बीच हवा में टक्कर हुई हो। हालांकि, भारतीय वायुसेना की ओर से इस पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है। एक उड्डयन विशेषज्ञ के अनुसार, यह पहला मिराज 2000 और सुखोई-30MKI विमान था जिसे भारतीय वायु सेना ने हवा में हुई टक्कर में खो दिया हो।
