सोनीपत । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरियाणा के सोनीपत के गोहाना की सब्जी मंडी में रविवार को आयोजित जन उत्थान रैली में नहीं पहुंच सके। उन्होंने फोन के जरिये लोगों को संबोधित किया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 2024 के चुनाव की तैयारियों का आगाज करने वाले थे। लेकिन मौसम खराब होने की वजह से वह रैली में नहीं पहुंच पाए। इसके बाद वहीं पर कार्यकर्ताओं की बैठक भी लेनी थी। हुड्डा के गढ़ में मंत्री की रैली से चुनावी शंखनाद होना था।
अमित शाह ने लोगों से हरियाणा की दस सीटों पर भाजपा को जीताने का आह्वान किया। अमित शाह ने कहा कि हरियाणा में जातिवाद खत्म हुआ है। 70 साल में जो विकास नहीं हुआ वह आठ साल में विकास हुआ है। साथ ही गृहमंत्री ने गोहाना में नहीं आने पर माफी मांगी और कहा कि मैं जल्द गोहाना में आने की कोशिश करूंगा।
रैली स्थल पर सीएम मनोहर लाल पहुंचे। बारिश के दौरान भी कार्यकर्ता डटे रहे। सीएम ने फोन के जरिये लोगों को अमित शाह का संबोधन सुनवाया और मौसम की बाध्यता के कारण रैली में न पहुंचने की जानकारी दी। पहले ही रैली स्थल पर बारिश की आशंका के चलते वाटर प्रूफ टेंट लगाए गए थे। इसके साथ ही करीब 20 हजार लोगों के बैठने का प्रबंध किया गया था। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया गया। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर बेरिकेड लगाकर वाहनों की जांच की है।
