लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने नई दिल्ली के लाल किले में छह दिवसीय राष्ट्रीय संस्कृति एवं पर्यटन महोत्सव भारत पर्व 2026 का उद्घाटन किया।
कल के कार्यक्रम के दौरान श्री बिरला ने कहा कि यह महोत्सव भारत की सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने के लिए एक मंच के रूप में कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से लोगों को विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों की संस्कृति देखने का अवसर मिलेगा। श्री बिरला ने आगे कहा कि यह पहल देश की पर्यटन क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
लोकसभा अध्यक्ष ने संविधान के सिद्धांतों, जैसे न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व, पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत पर्व इन आदर्शों और जनता के बीच एक सेतु का काम करेगा, जिससे परंपरा और साझा अनुभवों के माध्यम से संवैधानिक मूल्यों को सुलभ बनाया जा सकेगा। श्री बिरला ने जोर देकर कहा कि यह उत्सव हस्तशिल्प, हथकरघा और खान-पान के माध्यम से आजीविका सृजित करके आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने में सहायक होगा।
इस अवसर पर बोलते हुए संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से आगंतुकों को देश की परंपराओं, लोक कलाओं, शिल्पकलाओं, व्यंजनों और पर्यटन स्थलों की गहरी समझ प्राप्त होगी, जिससे राष्ट्र की विरासत के साथ लोगों का जुड़ाव मजबूत होगा। इस आयोजन में 34 राज्य पर्यटन पवेलियन, 24 केंद्रीय मंत्रालयों के स्टॉल और देश भर के प्रमुख संस्थान एवं संगठन भाग लेंगे।
