नई दिल्ली, 27 जनवरी । आम आदमी पार्टी (आआपा) की राज्यसभा सदस्य स्वाती मालीवाल ने दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके में बने एक सरकारी स्कूल को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने स्कूल निर्माण में भ्रष्टाचार की आशंका जताते हुए पूछा कि आखिर इन स्कूलों को बनाने में किस-किस ने पैसा कमाया और खराब निर्माण के लिए जिम्मेदार कौन है। मालीवाल ने मंगलवार को एक्स पर वीडियो पोस्ट कर आरोप लगाया है कि जिस स्कूल का उद्घाटन वर्ष 2020 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने किया था, वही स्कूल कुछ ही वर्षों में जर्जर हालत में पहुंचकर खतरनाक घोषित कर दिया गया। उन्होंने शाहबाद डेरी के स्कूल की मौजूदा स्थिति को खंडहर जैसा बताया। उन्होंने कहा कि उद्घाटन के कुछ ही महीनों बाद स्कूल की इमारत में बड़ी तकनीकी और संरचनात्मक खामियां सामने आने लगी थीं। सांसद मालीवाल ने बताया कि कई बार बच्चे और शिक्षक गंभीर हादसों का शिकार होते-होते बचे। स्थिति इतनी खराब हो गई कि प्रशासन को स्कूल बंद करना पड़ा।मालीवाल के मुताबिक कुछ बच्चियां सुबह 6 बजे घर से निकलकर सुनसान रास्तों से पैदल स्कूल जाती हैं, जबकि कई छात्राएं खचाखच भरी बसों में सफर कर रही हैं। इलाके की सुरक्षा को लेकर चिंताओं के चलते कई अभिभावक अपनी बेटियों को स्कूल भेजने से भी कतरा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ये सीधे-सीधे बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ नहीं है?
