भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक वाले तूफान की भविष्यवाणी की है। मौसम एजेंसी ने तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा में भी दिन भर गर्म और उमस भरे मौसम की संभावना जताई है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर के कुछ हिस्सों में तूफानी मौसम रहने की आशंका है।
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 24 घंटों में पश्चिमी भारत में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने आगे कहा कि अगले 3 दिनों में उत्तर-पश्चिमी भारत में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है।
