केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने जर्मनी के म्यूनिख में एपीएम टर्मिनल्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कीथ स्वेन्डसेन से मुलाकात की। वित्त मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने हाल ही में संपन्न हुए भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के लाभों पर चर्चा की। मंत्रालय ने आगे कहा कि श्री स्वेन्डसेन ने भारत के साथ अपनी कंपनी के सकारात्मक और दीर्घकालिक संबंधों के बारे में बताया और भारत के समुद्री क्षेत्र में किए गए महत्वपूर्ण निवेशों और साझेदारियों का उल्लेख किया। उन्होंने भारत भर में इस साझेदारी को और विस्तारित करने की इच्छा भी व्यक्त की।
श्री स्वेन्डसेन ने भारत द्वारा वर्षों से किए जा रहे सुधार संबंधी पहलों, विशेष रूप से उदारीकरण और व्यापार करने में सुगमता की सराहना की। इस अवसर पर, सीईओ ने केंद्रीय बजट 2026-27 में की गई प्रमुख घोषणाओं का भी उल्लेख किया, जिनमें कंटेनर निर्माण से संबंधित घोषणा भी शामिल है।
