नई दिल्ली, 18 फ़रवरी । बाहरी जिला पुलिस ने ‘दिल्ली पुलिस सप्ताह–2026’ के तहत स्कूलों में रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित कर पुलिस और युवाओं के बीच रिश्तों को मजबूत करने की पहल की। बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बुधवार को बताया इस साल के कार्यक्रम की थीम रही “रचनात्मकता और समुदाय की साझेदारी से भरोसे का निर्माण है”।
चित्रकला प्रतियोगिता में दिखा उत्साह
पुलिस उपायुक्त के अनुसार पश्चिम विहार ईस्ट थाना क्षेत्र के सर्वोदय को-एड सीनियर सेकेंडरी स्कूल और गवर्नमेंट को-एड सीनियर सेकेंडरी स्कूल
में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता के विषय थे “नो योर पुलिस” और “पुलिस के साथ त्योहार”। बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी पेंटिंग के जरिए पुलिस की भूमिका, जनसहभागिता और सुरक्षा के संदेश को खूबसूरती से उकेरा। चित्रों में भरोसा, सुरक्षा और पुलिस–जनता की साझेदारी साफ नजर आई।
वहीं इसके अलावा निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित किया। पुलिस उपायुक्त के अनुसार रानी बाग थाना क्षेत्र के जीएसवी, सी-ब्लॉक, सरस्वती विहार में निबंध प्रतियोगिता कराई गई। विद्यार्थियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जन सुरक्षा सुनिश्चित करने और समाज के साथ पुलिस की सहभागिता पर अपने विचार रखे। पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रमों का मकसद बच्चों को पुलिस की कार्यप्रणाली से अवगत कराना और उनके मन में विश्वास पैदा करना है।
