ऑनलाइन गेमिंग संवर्धन एवं विनियमन अधिनियम 2025 हानिकारक ऑनलाइन धन कमाने वाले गेमिंग सेवाओं, विज्ञापनों और इन खेलों से संबंधित वित्तीय लेनदेन पर रोक लगाता है और ई-स्पोर्ट्स तथा ऑनलाइन सोशल गेम्स को प्रोत्साहित करता है। यह कानून उन लालची गेमिंग प्लेटफॉर्मों द्वारा उत्पन्न लत, आर्थिक बर्बादी और सामाजिक संकट को रोकने के लिए बनाया गया है जो त्वरित धन के भ्रामक वादों पर पनपते हैं। अधिनियम का उद्देश्य व्यक्तियों, विशेष रूप से युवाओं और संवेदनशील आबादी को, ऐसे खेलों के प्रतिकूल सामाजिक, आर्थिक, मनोवैज्ञानिक और गोपनीयता संबंधी प्रभावों से बचाना है। अधिनियम में ऑनलाइन धन कमाने वाले खेलों की पेशकश, संचालन या सुविधा प्रदान करने पर पूर्ण प्रतिबंध का प्रावधान है। ऑनलाइन धन कमाने वाले गेमिंग से संबंधित कानून के उल्लंघन के मामले में तीन साल तक की कैद और एक करोड़ रुपये तक का जुर्माना या दोनों का प्रावधान है।
