जयपुर, 02 फरवरी। दक्षिण पश्चिमी कमान अलंकरण समारोह आठ फरवरी को बठिंडा मिलिट्री स्टेशन के सगत सिंह ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा, ताकि राष्ट्र के प्रति अपने वीरतापूर्ण कर्तव्य का निर्वहन करने में हमारे सैनिकों के विशिष्ट कार्यों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की जा सके।
सेना प्रवक्ता कर्नल अमिताभ शर्मा के अनुसार आयोजन के दौरान, लेफ्टिनेंट जनरल अमरदीप सिंह भिंडर, जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, दक्षिण पश्चिमी कमान द्वारा वीरता और विशिष्ट सेवा पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, साथ ही उल्लेखनीय कार्यों के लिए चीफ ऑफ स्टाफ यूनिट साइटेशन और जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ यूनिट प्रशंसा पत्र प्रदान किए जाएंगे।
बठिंडा मिलिट्री स्टेशन में सात एवं आठ फरवरी 2023 के बीच विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अलंकरण समारोह वर्ष में एक बार उन सैन्यकर्मियों को विभिन्न पुरस्कार प्रदान करने के लिए आयोजित किया जाता है, जिन्होंने व्यक्तिगत वीरता और कर्तव्य के प्रति असाधारण समर्पण के कार्यों से प्रसिद्धि पाई हो। अलंकरण समारोह में नौ अधिकारियों, एक जूनियर कमीशंड अधिकारी और 10 सैनिकों को उनके अनुकरणीय साहस के लिए सम्मानित किया जा रहा है। 61 आरआर (जाट रेजिमेंट) के सिपाही लक्ष्मण के निकट संबंधी को मरणोपरांत एक वीरता पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा। पांच यूनिटों को चीफ ऑफ स्टाफ यूनिट साइटेशन से सम्मानित किया जा रहा है और 15 यूनिटों को जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ यूनिट प्रशंसा भी प्राप्त होगी।
