बेगूसराय, 02 फरवरी।देश के 75 आद्र भूमि में शामिल बिहार के एकमात्र रामसर साइट एशिया फेमस काबर झील पक्षी विहार का चयन भारत सरकार ने इको टूरिज्म और जैव विविधता विकसित करने के लिए किया है।
राज्यसभा सदस्य प्रो. राकेश सिन्हा द्वारा लगातार इस संबंध में सवाल उठाए जाने के बाद यह सफलता मिली है। सांसद प्रतिनिधि शम्भू कुमार ने बताया कि राज्यसभा सदस्य प्रो. राकेश सिन्हा लगातार बेगूसराय में स्थित काबर क्षेत्र के विकास के लिए प्रयासरत हैं। पांच बार राज्यसभा में काबर, इससे जुड़े किसान और अन्य हितधारक का मुद्दा उठा चुके हैं। कई बार काबर और जयमंगला गढ़ का दौरा कर किसान संवाद भी किए हैं।
राकेश सिन्हा की पहल पर केंद्र सरकार के तत्कालीन पर्यटन मंत्री ने 75 लाख का आवंटन भी दिया था और इसे रामसर साइट में भी जोड़ा गया था। इनके प्रयास से अभी के बजट में फिर से इसे शामिल किया गया है, यह सराहनीय है। उम्मीद है कि स्थानीय प्रशासन और जागरूक नागरिक मिलकर आगे का रास्ता निकालेंगे। जिससे आद्र भूमि का बचाव और संरक्षण हो पाएगा।
