सूरजपुर, 11 मई । जिले की नवपदस्थ कलेक्टर रेना जमील ने पदभार ग्रहण करने के बाद सोमवार को जिला संयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में पत्रकार वार्ता आयोजित की। वार्ता में सुशासन तिहार 2026, जनगणना 2027 तथा पत्रकारों से परिचय कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
पत्रकारवार्ता के दौरान कलेक्टर ने जिले में आयोजित किए जा रहे सुशासन तिहार शिविरों और आम नागरिकों से प्राप्त आवेदनों की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आम जनता को पारदर्शी, सरल और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन विशेष कार्ययोजना के तहत काम कर रहा है।
जनगणना 2027 की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि जिले में एक मई से 30 मई तक मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए जिले में 1505 प्रगणक और 269 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। जिले के कुल 1433 जनगणना ब्लॉकों में से अब तक 246 ब्लॉकों में कार्य पूरा किया जा चुका है। शेष क्षेत्रों में भी तय समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
कलेक्टर रेना जमील ने पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों से परिचय प्राप्त करते हुए उनके अनुभवों को भी सुना। उन्होंने सुशासन तिहार, जनगणना और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने में मीडिया से सहयोग की अपील की।
कलेक्टर ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है और शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाएं उनकी प्राथमिकता में शामिल हैं। जिला प्रशासन इस दिशा में प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा, ताकि हर नागरिक तक शासन की योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं का लाभ समय पर पहुंच सके।
