फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर जारी विवाद के बीच अब सलमान खान दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने की कोशिश में जुट गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणवीर सिंह के फिल्म से अलग होने के बाद मामला लगातार बढ़ता गया और अब कानूनी विवाद तक पहुंच चुका है। ऐसे में सलमान खान ने रणवीर सिंह और फरहान अख्तर दोनों से बातचीत शुरू की है और उन्हें मतभेद खत्म कर आपसी तालमेल बैठाने की सलाह दी है। बताया जा रहा है कि सलमान का मानना है कि यह सिर्फ दोनों कलाकारों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे बॉलीवुड के लिए बेहतर होगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, रणवीर सिंह फिल्म ‘डॉन 3’ को ज्यादा डार्क और गंभीर अंदाज में पेश करना चाहते थे, जबकि निर्देशक फरहान अख्तर की सोच इससे अलग थी। रचनात्मक मतभेद बढ़ने के बाद रणवीर ने परियोजना से खुद को अलग कर लिया। इसके बाद फरहान अख्तर की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट ने कथित तौर पर रणवीर से 45 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की। मामला यहीं नहीं रुका और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) ने भी रणवीर के खिलाफ असहयोग का आदेश जारी कर दिया।
हालांकि रणवीर सिंह की टीम का कहना है कि वे इस पूरे मामले को निजी स्तर पर सुलझाना चाहते हैं, लेकिन विवाद लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। इंडस्ट्री के भीतर भी इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज है। ऐसे में सलमान खान की पहल को फिल्म इंडस्ट्री के लिए सकारात्मक कदम माना जा रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या सलमान की कोशिशों से रणवीर और फरहान के बीच का विवाद खत्म हो पाता है या नहीं।
