नई दिल्ली, 18 जून । मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक दिल्लीवासियों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से आज संदेश विहार स्थित दिल्ली नगर निगम ( एमसीडी) कम्युनिटी हॉल में जन कल्याण शिविर का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण की प्रेरणा से दिल्ली सरकार 18 से 20 जून तक राजधानी के 42 स्थानों पर जन कल्याण शिविर आयोजित कर रही है, जहां केंद्र एवं दिल्ली सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी, पंजीकरण एवं सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपने निकटतम जन कल्याण शिविर में पहुंचकर इन सुविधाओं का लाभ अवश्य उठाने का आग्रह किया है।
इसके अलावा दिल्ली के लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने आज नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) सामुदायिक केंद्र, बंगाली मार्केट में जन कल्याण शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से केंद्र एवं दिल्ली सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, पंजीकरण और सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से पहुंच सके। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और जनभागीदारी के माध्यम से विकसित दिल्ली के संकल्प को साकार करने के लिए शिवरों को आयोजन किया जा रहा है।
