भिलाईनगर। भिलाई इस्पात मजदूर संघ (बीएमएस) में एक बार फिर अंदरूनी विवाद खुलकर सामने आ गया है। ई-फॉर्म में कथित तौर पर गोपनीय तरीके से बदलाव किए जाने के विरोध में उपाध्यक्ष रविशंकर सिंह समेत करीब 25 पदाधिकारियों को कार्यकारिणी से हटाए जाने के बाद संगठन में बगावत तेज हो गई है।नाराज पदाधिकारियों ने रजिस्ट्रार व्यावसायिक संघ को पत्र लिखकर ई-फॉर्म में किसी भी प्रकार का संशोधन नहीं करने की मांग की है।
रविशंकर सिंह और उनके समर्थकों ने 3 जुलाई को रजिस्ट्रार को भेजे गए पत्र में आरोप लगाया है कि वे यूनियन के पंजीकृत सदस्य हैं, लेकिन मई 2024 से कार्यकारिणी के आधे सदस्यों को किसी भी बैठक की सूचना नहीं दी जा रही है। यह पत्र 7 जुलाई को इंद्रावती भवन, नया रायपुर स्थित श्रमायुक्त कार्यालय में प्राप्त हुआ।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पहले पुराने हस्ताक्षरों का इस्तेमाल कर अध्यक्ष का परिवर्तन किया गया और दो नए उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए। इसके बाद यूनियन के संविधान में संशोधन का प्रयास हुआ तथा अब ई-फॉर्म में फिर से बदलाव की तैयारी की जा रही है।
शिकायतकर्ताओं ने रजिस्ट्रार से मामले की निष्पक्ष जांच कर विवादित संशोधनों पर रोक लगाने की मांग की है। इससे भिलाई इस्पात मजदूर संघ की अंदरूनी कलह एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है।
