रायपुर । रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एक अभिनव पहल शुरू की है। इसके तहत पिंक पेट्रोल यूनिट द्वारा शहर के स्कूलों और कॉलेजों के बाहर नियमित पेट्रोलिंग कर छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
कमिश्नरेट की सेंट्रल, नॉर्थ और वेस्ट जोन की पिंक पेट्रोल टीमें प्रतिदिन स्कूल और कॉलेज खुलने तथा छुट्टी के समय संस्थानों के आसपास गश्त कर रही हैं। इस दौरान परिसर और आसपास के क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाती है, ताकि छात्र-छात्राएं सुरक्षित माहौल में अपनी पढ़ाई कर सकें।
पेट्रोलिंग के दौरान स्कूल-कॉलेजों के बाहर अनावश्यक रूप से खड़े होकर छात्राओं को परेशान करने, भीड़ लगाने या संदिग्ध गतिविधियों में शामिल युवकों को तत्काल वहां से हटाया जाता है। ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें कड़ी चेतावनी दी जाती है कि भविष्य में विद्यालयों और महाविद्यालयों के आसपास अनावश्यक रूप से न ठहरें। कुछ मामलों में सामाजिक उत्तरदायित्व का बोध कराने के लिए उनसे उठक-बैठक भी कराई गई, ताकि वे दोबारा ऐसी हरकत न करें।
रायपुर पुलिस के अनुसार पिंक पेट्रोल यूनिट की नियमित मौजूदगी का सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। छात्र-छात्राओं में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है, वहीं स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की है। पुलिस की लगातार निगरानी से अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर अधिक आश्वस्त महसूस कर रहे हैं।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि उसका उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित, भयमुक्त और अनुकूल वातावरण तैयार करना भी है। इसी दिशा में पिंक पेट्रोल यूनिट द्वारा नियमित पेट्रोलिंग, जनजागरूकता और आवश्यकता पड़ने पर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
