रायपुर, 30 जुलाई । छत्तीसगढ़ में पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज गुरुवार को पहली बार ‘महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान’ का शुभारंभ किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आयोजित इस राज्यव्यापी अभियान का राज्य-स्तरीय कार्यक्रम बालोद जिले में होगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित इस पहल में महतारी वंदन योजना की लगभग 2.45 लाख हितग्राही महिलाएं सहभागिता करेंगी। अभियान के तहत महिलाएं अपने घरों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा अन्य उपयुक्त सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण करेंगी।
राज्य सरकार के अनुसार, अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जनसामान्य, विशेषकर महिलाओं को प्रकृति संरक्षण से जोड़ना है। पौधारोपण के उपरांत प्रतिभागी अपनी सेल्फी निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करेंगी, जिसके बाद उन्हें डिजिटल प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।
राज्य सरकार का मानना है कि यह अभियान हरित छत्तीसगढ़ के संकल्प को सशक्त बनाने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता और जनभागीदारी को नई दिशा प्रदान करेगा।
