पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने लोकसभा में बताया कि इस महीने की पहली तारीख तक देश में 33.13 करोड़ घरेलू एलपीजी उपभोक्ता हैं, जिनमें 10.58 करोड़ प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) कनेक्शन शामिल हैं। सभी घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को बाजार मूल्य से कम, निर्धारित खुदरा बिक्री मूल्य पर एलपीजी रिफिल मिलती है। वर्तमान में, 942 रुपये प्रति सिलेंडर की घरेलू एलपीजी रिफिल कीमत पर 500 रुपये से अधिक की अप्रत्यक्ष सब्सिडी मिलती है।
मंत्री जी ने यह भी कहा कि सरकार देश के घरों में किफायती दामों पर घरेलू एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित कर रही है, जिसके लिए सरकार ने वित्त वर्ष 2022-23 में तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) को 22 हजार करोड़ रुपये का मुआवजा दिया है और वित्त वर्ष 2025-26 और 2026-27 के दौरान 30 हजार करोड़ रुपये का भुगतान कर रही है। इस मुआवजे के भुगतान के बाद भी, 30 जून 2026 तक सार्वजनिक क्षेत्र की ओएमसी कंपनियों द्वारा घरेलू एलपीजी पर संचित कम वसूली 51000 करोड़ रुपये से अधिक थी।
