रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में आईएएसवी त्रिवेनी की महिला नौकायन अभियान टीम के साथ बातचीत की और उनकी असाधारण उपलब्धि और दृढ़ संकल्प की सराहना की।
इस अवसर पर बोलते हुए रक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि उनकी सफल समुद्री यात्रा राष्ट्र के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। रक्षा मंत्री ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से टीम ने न केवल समुद्र पर विजय प्राप्त की है, बल्कि उन पुरानी रूढ़ियों को भी तोड़ दिया है जो जटिल सैन्य अभियानों में महिलाओं की क्षमता पर सवाल उठाती थीं। उन्होंने कहा कि इस अभियान ने यह सिद्ध कर दिया है कि शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता और नेतृत्व लिंग पर निर्भर नहीं करते।
श्री सिंह ने कहा कि टीम की यह उपलब्धि देश की हर बेटी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी सफलता से और अधिक युवा महिलाओं को बड़े सपने देखने, चुनौतियों पर काबू पाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
