May 7, 2026

Blog

Spread the love

थलपति विजय ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है. उनकी पार्टी तमिलगा वेट्री कज़गम (टीवीके) ने 108 सीटें जीतकर बड़ा उलटफेर किया. अब वो राज्य के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं. इन सबके बीच फैंस विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ की रिलीज का भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. अब इस फिल्म का टाइटल कार्ड सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मेकर्स ने उनको तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर इंट्रोड्यूस किया है.

टाइटल कार्ड देख फैंस हुए हैरान
वायरल क्लिप में विजय की एंट्री के दौरान स्क्रीन पर ‘Tamil Nadu Chief Minister – C Joseph Vijay’ लिखा दिखाई देता है. वीडियो मे थिएटर में मौजूद लोग इस मोमेंट पर शानदार जश्न मनाते नजर आ रहे हैं. जहां एक तरफ इस वीडियो को देखकर फैंस काफी खुश हैं, वहीं दूसरी ओर टाइटल कार्ड में विजय के नाम के साथ ‘थलपति’ न लिखा होना भी चर्चा का विषय बन गया है, जिसे लेकर फैंस हैरान हैं.

विजय की पहचान बन चुका है ‘थलपति’
विजय लंबे समय से अपने राजनीतिक जीवन और फिल्मी करियर को अलग-अलग रखते आए हैं. उन्होंने फिल्मों और प्रमोशनल इवेंट्स में ‘थलपति’ टाइटल को अब तक बनाए रखा है. इसी कारण कयास लगाए जा रहे हैं कि उनकी आने वाली फिल्म ‘जन नायकन’ में भी वो इसी टाइटल के साथ नजर आ सकते हैं. फैंस का मानना है कि ‘थलपति’ अब विजय की स्क्रीन इमेज और स्टार पहचान का अहम हिस्सा बन चुका है.

विजय को कहां से मिला ‘थलपति’ टैग?
विजय के नाम के आगे ‘थलपति’ उनके फैंस द्वारा दिया गया एक पॉपुलर टाइटल है. तमिल भाषा में ‘थलपति’ का अर्थ ‘कमांडर’ या ‘नेता’ होता है. उनकी फिल्मों में दमदार और लीड रोल वाली छवि की वजह से ये नाम दर्शकों के बीच काफी मशहूर हो गया. धीरे-धीरे ये टाइटल उनकी पहचान का हिस्सा बन गया और आज ये उनकी स्टार इमेज से जुड़ चुका है.

‘जन नायकन’ में नजर आएंगे ये कलाकार
बता दें कि ‘जन नायकन’ केवीएन प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित है. विजय के अलावा इस फिल्म में पूजा हेगड़े, मामिता बैजू और बॉबी देओल जैसे एक्टर्स भी नजर आएंगे. अनिरुद्ध ने फिल्म का म्यूजिक तैयार किया है. वहीं एच. विनोद ने इस राजनीतिक एक्शन ड्रामा का निर्देशन किया है. फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट अनाउंस होने का हर किसी को इंतजार है.