मुंबई, 23 सितंबर। फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली की बेटी इदा अली ने अपने लंबे समय से दोस्त और बॉयफ्रेंड कृष अग्रवाल के साथ सगाई कर ली है। निजी समारोह में हुई इस सगाई की एक तस्वीर इम्तियाज अली ने सोशल मीडिया पर शेयर की। तस्वीर के साथ उन्होंने बेटी और होने वाले दामाद के लिए प्रशंसकों और शुभचिंतकों से आशीर्वाद मांगा।
शेयर की गई तस्वीर में इदा और कृष एक-दूसरे को अंगूठी पहनाते नजर आ रहे हैं। इस खास मौके पर इदा हल्के गुलाबी रंग के गाउन में दिखाई दीं, जबकि कृष काले रंग की शेरवानी में नजर आए। दोनों के चेहरे पर सगाई की खुशी साफ दिखाई दे रही है। तस्वीर शेयर करते हुए इम्तियाज ने लिखा, “आपका आशीर्वाद चाहते हैं।” इससे पहले कृष ने नॉर्वे की बर्फीली पहाड़ियों के बीच घुटने पर बैठकर इदा को शादी के लिए प्रपोज किया था।
इदा भी पिता की तरह फिल्म निर्माण की दुनिया में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने महज 17 साल की उम्र में लघु फिल्म ‘लिफ्ट’ का निर्देशन किया था। वहीं, रिपोर्ट्स के मुताबिक कृष 24 वर्षीय हैं और एक हेज फंड कंपनी में क्वांटिटेटिव रिसर्चर के तौर पर काम करते हैं। इदा और कृष को घूमने-फिरने का शौक है और दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। सगाई के बाद अब दोनों के परिवारों में शादी को लेकर तैयारियों का सिलसिला शुरू होने की उम्मीद है।
