Oplus_16908288
फिलीपींस की यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को मनीला के ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान में पुनर्विकास कार्यों की शुरुआत के अवसर पर आयोजित समारोह में शामिल होंगे। एक सदी से अधिक पुराने इस गुरुद्वारे का सिख समुदाय के बीच विशेष आध्यात्मिक और ऐतिहासिक महत्व है।
एक्स पर साझा की जानकारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए लिखा, “मंगलवार का दिन बहुत खास है। मुझे मनीला के ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान में पुनर्विकास कार्यों की शुरुआत के अवसर पर आयोजित समारोह में शामिल होने का सौभाग्य मिलेगा। यह गुरुद्वारा एक सदी से भी अधिक पुराना है और इसका बहुत बड़ा आध्यात्मिक महत्व है।”
सिख समुदाय की सेवा भावना को सराहा
पीएम मोदी ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, “गुरु साहिबानों की शिक्षाओं से प्रेरित होकर सिख समुदाय ने दुनिया भर में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। वे दूसरों की सेवा करने और एक बेहतर दुनिया बनाने में हमेशा सबसे आगे रहे हैं।”
आसियान और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर फिलीपींस पहुंचे हैं। इस दौरान वह 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। फिलीपींस वर्ष 2026 के लिए आसियान अध्यक्ष के रूप में इन सम्मेलनों की मेजबानी कर रहा है।
भारत-आसियान साझेदारी को मिलेगी मजबूती
प्रधानमंत्री के मनीला पहुंचने की जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय (एमईए) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि यह दौरा भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ और ‘इंडो-पैसिफिक विजन’ के महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में आसियान के साथ भारत की साझेदारी को और मजबूत करेगा।
रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की होगी समीक्षा
विदेश मंत्रालय के अनुसार, आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में व्यापक रणनीतिक साझेदारी के क्रियान्वयन में हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसमें ‘आसियान-भारत कार्य योजना 2026-2030’ भी शामिल है। इसके साथ ही दोनों पक्ष भविष्य में सहयोग की प्राथमिकताओं और दिशा पर भी चर्चा करेंगे।
2026 को समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मना रहे भारत और आसियान
विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत-आसियान संबंध भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए भारत के विजन का प्रमुख आधार हैं। यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब भारत और आसियान वर्ष 2026 को ‘आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष’ के रूप में मना रहे हैं। इसके अलावा, वर्ष 2027 में भारत और आसियान के संवाद संबंधों के 35 साल और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच साल पूरे होंगे।
