केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोमवार को इटली के ट्राइस्टे स्थित इंटरनेशनल सेंटर फॉर जेनेटिक इंजीनियरिंग एंड बायोटेक्नोलॉजी (ICGEB) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वैश्विक जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सहयोग में भारत की बढ़ती भूमिका को रेखांकित किया। दौरे के दौरान मंत्री ने संस्थान की अत्याधुनिक अनुसंधान सुविधाओं का जायजा लिया और वहां के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों पर चर्चा की। ICGEB के महानिदेशक डॉ. लॉरेंस बैंक्स ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी में उनका स्वागत किया।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने संस्थान की बायोटेक्नोलॉजी डेवलपमेंट यूनिट में बायोफार्मास्युटिकल उत्पादन और प्रशिक्षण सुविधा का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने नवनिर्मित बायोसेफ्टी लेवल-3 प्रयोगशाला और फंक्शनल सेल बायोलॉजी लैब की हाई-थ्रूपुट स्क्रीनिंग सुविधा का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संस्थान में काम कर रहे भारतीय शोधकर्ताओं और फेलो से मुलाकात की तथा अनुसंधान गतिविधियों और वैज्ञानिक सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
इस दौरे में भारत के जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान और नवाचार तंत्र में ICGEB के नई दिल्ली केंद्र के योगदान को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। यह योगदान भारत की BioE3 नीति से जुड़े महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अहम भूमिका निभा रहा है। इनमें जैव आधारित रसायन और एंजाइम, जलवायु अनुकूल कृषि, कार्बन कैप्चर एवं उपयोग, सटीक जैव चिकित्सा उपचार और समुद्री व अंतरिक्ष जैव विनिर्माण जैसे क्षेत्र शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल को संस्थान में चल रहे कई महत्वपूर्ण अनुसंधान कार्यों की जानकारी भी दी गई।
इनमें सूक्ष्मजीव आधारित जैव विनिर्माण के लिए भारत की पहली बायोफाउंड्री, इथेनॉल उत्पादन के लिए एंजाइम और यीस्ट प्रणाली पर शोध, जैविक कार्बन कैप्चर, जीनोम संपादित फसलों का विकास और संक्रामक बीमारियों के खिलाफ मोनोक्लोनल एंटीबॉडी तैयार करने से जुड़े अनुसंधान शामिल रहे। इनमें से बायोफाउंड्री का उद्घाटन डॉ. जितेंद्र सिंह ने किया था। इन शोध परियोजनाओं का उद्देश्य जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नई तकनीकों को विकसित करना और उनके व्यावहारिक उपयोग को बढ़ावा देना है।
ICGEB एक अंतरराष्ट्रीय अंतर-सरकारी अनुसंधान संगठन है, जो जेनेटिक इंजीनियरिंग, जैव प्रौद्योगिकी और जीवन विज्ञान के क्षेत्र में उन्नत अनुसंधान, उच्च शिक्षा, प्रशिक्षण और तकनीकी हस्तांतरण को बढ़ावा देता है। इसके तीन प्रमुख केंद्र इटली के ट्राइस्टे, भारत के नई दिल्ली और दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में स्थित हैं। ये केंद्र अनुसंधान, प्रशिक्षण और तकनीकी विकास के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सहयोग को मजबूत करते हैं।
भारत सरकार का जैव प्रौद्योगिकी विभाग नई दिल्ली स्थित ICGEB केंद्र के अनुसंधान एवं विकास कार्यक्रमों, नवाचार को प्रोत्साहित करने और मानव संसाधन विकास में सहयोग करता है। भारत में इस संस्थान का अनुसंधान आणविक चिकित्सा, टीका विकास, रोगों की पहचान, पादप जैव प्रौद्योगिकी, जैव ऊर्जा और जीनोम एडिटिंग जैसी आधुनिक तकनीकों पर केंद्रित है।
नई दिल्ली केंद्र अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक प्रशिक्षण और सहयोग के महत्वपूर्ण मंच के रूप में भी उभरा है। वर्ष 2023 से 2026 के बीच 22 देशों के कुल 67 शोधकर्ताओं ने यहां प्रशिक्षण लिया या प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए। इसके अलावा कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित जीव विज्ञान, दवा विकास, जीनोम एडिटिंग, कार्बन कैप्चर, माइक्रोस्कोपी और फ्लो साइटोमेट्री जैसे उभरते क्षेत्रों में कार्यशालाओं और वैज्ञानिक आदान-प्रदान के जरिए सहयोग को बढ़ावा दिया गया है।
ICGEB के माध्यम से भारत एशिया और अफ्रीका सहित विकासशील और उभरती अर्थव्यवस्थाओं के साथ भी वैज्ञानिक सहयोग को आगे बढ़ा रहा है। इसके तहत संयुक्त अनुसंधान परियोजनाएं, विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम और तकनीकी हस्तांतरण जैसी गतिविधियां संचालित की जाती हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि, औद्योगिक प्रक्रियाओं और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में वैज्ञानिक अनुसंधान को व्यावहारिक उपयोग में बदलना है।
दौरे के कार्यक्रम में ICGEB में कार्यरत भारतीय फेलो के साथ कार्यकारी दोपहर भोज भी शामिल रहा। इस दौरान संस्थान के शोधकर्ताओं, वरिष्ठ वैज्ञानिकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया। डॉ. जितेंद्र सिंह का यह दौरा भारत और ICGEB के बीच अनुसंधान, नवाचार और तकनीकी सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
