गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने सीख लिया है कि आलोचनाओं को खुद पर हावी न होने दें. पंजाबी गायक, जिन्हें अक्सर अपने सार्वजनिक बयानों और फैसलों की वजह से आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है. कहते हैं कि वे उन लोगों के भी उतने ही आभारी हैं जो उनका समर्थन करते हैं और उनके भी जो उनसे असहमत हैं. स्पॉटिफाई की ग्लोबल वीडियो सीरीज ‘डे इन द लाइफ़’ (Day in the Life) में बात करते हुए, दिलजीत ने बताया कि वे लोगों की प्रतिक्रियाओं को किस नजरिए से देखते हैं. उन्होंने कहा, “अब मुझे लोगों की प्रतिक्रियाओं से कोई फर्क नहीं पड़ता. जब फैंस मुझसे मिलते हैं, तो वे बहुत प्यार दिखाते हैं. अगर आप मुझसे प्यार करते हैं, तो आपका धन्यवाद. अगर आप मुझसे नफरत करते हैं, तो भी आपका बहुत-बहुत धन्यवाद.” उन्होंने जिंदगी की तुलना एक फिल्म से की, जिसमें हर किसी का अपना एक किरदार होता है. “क्योंकि जिंदगी एक फिल्म की तरह है और इस फिल्म में अलग-अलग तरह के किरदार होते हैं. इसमें विलेन होते हैं, दोस्त होते हैं, और उतार-चढ़ाव भी आते हैं. इसलिए, अगर आप विलेन का किरदार निभा रहे हैं, तो आपका बहुत-बहुत धन्यवाद. आपने मेरी जिंदगी में कुछ तो किया है.”
पंजाबी संगीत को वैश्विक स्तर पर ले जाने पर दिलजीत दोसांझ
दिलजीत स्पॉटिफाई की ‘डे इन द लाइफ’ (Day in the Life) सीरीज में शामिल होने वाले पहले भारतीय कलाकार बन गए हैं. इस सीरीज में पहले सेंट्रल सी, लिल बेबी और गुना जैसे अंतरराष्ट्रीय कलाकार भी शामिल हो चुके हैं. लंदन में शूट किए गए इस 10 मिनट के एपिसोड में, स्टेज के बाहर सिंगर की जिंदगी की एक झलक देखने को मिलती है. उनकी सुकून भरी सुबह और खाने-पीने के शौक से लेकर विंटेज फैशन के प्रति उनके लगाव तक. सिंगर के अनुसार, दुनिया भर में पंजाबी संगीत की बढ़ती लोकप्रियता इसलिए भी खास है क्योंकि यह भाषा की बाधाओं के बावजूद लोगों को एक साथ लाता है. उन्होंने कहा, “जब कोई ऐसा व्यक्ति, जिसे पंजाबी नहीं आती, मेरे गानों के साथ गाता है. तो यही संगीत का असली जादू है. इसके लिए किसी अनुवाद की जरूरत नहीं होती. भाषा बनने से पहले संगीत एक एहसास होता है, और इसीलिए मेरा मानना है कि पंजाबी संगीत पूरी दुनिया का है.” स्पॉटिफाई के आंकड़े बताते हैं कि उनका संगीत कितनी दूर तक पहुंचा है. पिछले साल की तुलना में उनके गानों की स्ट्रीमिंग में ऑस्ट्रेलिया में 23%, न्यूजीलैंड में 8%, अमेरिका में 8% और कनाडा में 4% की बढ़ोतरी हुई है. भारत के अलावा, कनाडा, अमेरिका, पाकिस्तान, यूके, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, यूएई, न्यूजीलैंड और इटली उनके सबसे बड़े बाजारों में शामिल हैं.
दिलजीत दोसांझ का ‘ऑरा’ (AURA) इंडिया टूर
दिलजीत अब अपने ‘ऑरा’ इंडिया टूर की बाकी तारीखों के लिए तैयारी कर रहे हैं. दिल्ली से शुरुआत करने और इंदौर में परफॉर्म करने के बाद सिंगर 21 नवंबर को अहमदाबाद जाएंगे, फिर 27 नवंबर को मुंबई और 29 नवंबर को बेंगलुरु पहुंचेंगे. इसके बाद यह टूर 5 दिसंबर को लखनऊ और 12 दिसंबर को चंडीगढ़ जाएगा और 19 दिसंबर को कोलकाता में इसका समापन होगा.
