अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच तत्काल युद्ध विराम का आह्वान किया है और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की को चेतावनी दी है कि वे शांति स्थापित करें या अमेरिकी समर्थन खो दें। यह बयान कल रात वाशिंगटन में व्हाइट हाउस में एक बैठक के दौरान यूक्रेन-रूस युद्धविराम के रास्ते पर दोनों नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक के बाद आया है।
इस वाकयुद्ध के कारण अमेरिका और यूक्रेन के बीच दुर्लभ खनिजों और सुरक्षा गारंटी पर एक समझौते पर हस्ताक्षर करने की वार्ता भी विफल हो गई, जो रूस के साथ यूक्रेन के वर्षों से चल रहे युद्ध में संभावित संघर्ष विराम पर व्यापक वार्ता का हिस्सा था। वाकयुद्ध के बाद पत्रकारों से बात करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उनका मानना है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शांति समझौते के लिए तैयार हैं। इससे पहले, अंतरराष्ट्रीय मीडिया की मौजूदगी में एक तीखी सार्वजनिक झड़प में राष्ट्रपति ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की पर लाखों लोगों की जान जोखिम में डालने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि उनके कार्यों से तीसरा विश्व युद्ध हो सकता है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने राष्ट्रपति ट्रम्प से कहा कि युद्ध के समाधान के लिए बातचीत में राष्ट्रपति पुतिन के साथ कोई समझौता नहीं होना चाहिए। बाद में, श्री ज़ेलेंस्की ने अमेरिका के साथ महत्वपूर्ण खनिज समझौते पर हस्ताक्षर किए बिना अचानक व्हाइट हाउस छोड़ दिया। बैठक के बाद दोनों नेताओं की एक निर्धारित संयुक्त समाचार सम्मेलन भी रद्द कर दिया गया। बैठक के बाद एक सोशल मीडिया पोस्ट में, राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा, राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की शांति के लिए तैयार होने पर व्हाइट हाउस वापस आ सकते हैं। बैठक के बाद एक सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन को न्यायपूर्ण और स्थायी शांति की आवश्यकता है और वे इसके लिए काम कर रहे हैं। इस बीच, अमेरिकी और यूक्रेनी नेताओं के बीच विवादास्पद व्हाइट हाउस बैठक के मद्देनजर यूरोपीय नेताओं से यूक्रेन के लिए एकजुटता और समर्थन के त्वरित और व्यापक संदेश आए।
यूरोपीय आयुक्त उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने यूक्रेन के लोगों से मजबूत, साहसी और निडर होने का आग्रह किया। फ्रांस, स्पेन, स्वीडन, नॉर्वे, लातविया, चेक गणराज्य और लिथुआनिया के नेताओं से भी इसी तरह के संदेश आए। दूसरी ओर, रूस और उसके सहयोगियों ने इस मुद्दे पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को पूरा समर्थन दिया। रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने कहा कि यह चमत्कार था कि ट्रम्प और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस यूक्रेनी नेता के खिलाफ खुद को संयमित करने में कामयाब रहे। हंगरी से भी समर्थन के ऐसे ही संदेश आए।
