राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले की निंदा की है। इसे चौंकाने वाला और दर्दनाक बताते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि यह एक नृशंस और अमानवीय कृत्य है जिसकी स्पष्ट रूप से निंदा की जानी चाहिए। राष्ट्रपति ने कहा, निर्दोष नागरिकों पर हमला करना बेहद भयावह और अक्षम्य है। उन्होंने उन परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री धनखड़ ने कहा कि हिंसा के ऐसे कृत्य निंदनीय हैं और हमारी कड़ी निंदा के पात्र हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस जघन्य कृत्य के पीछे जो लोग हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उनका नापाक एजेंडा कभी सफल नहीं होगा। उन्होंने उन लोगों के प्रति भी अपनी संवेदना व्यक्त की जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की प्रार्थना की है। श्री मोदी ने कहा कि प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला तथा विभिन्न दलों के नेताओं ने इस आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि नरेंद्र मोदी सरकार आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाती है और इस जघन्य कृत्य में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री व्यक्तिगत रूप से स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि निर्दोष नागरिकों पर यह नृशंस हमला कायरतापूर्ण और अत्यंत निंदनीय कृत्य है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी इस कायरतापूर्ण हमले की निंदा की और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। बिहार के मुख्यमंत्री और जद (यू) के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री और लोजपा (आर) प्रमुख चिराग पासवान, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, विपक्ष के नेता राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी इस घटना की निंदा की है।
