नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने सरकारी नौकरी में नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी किए बिना हजारों युवाओं को कॉन्ट्रैक्ट पर रखकर उनके जीवन से खिलवाड़ किया। इन नौकरियों के बदले पैसे लेने की भी चर्चा है।
सचदेवा ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि केजरीवाल सरकार ने बस मार्शलों से लेकर मोहल्ला क्लीनिक स्टॉफ के रूप में काम कर रहे युवाओं के जीवन से खिलवाड़ किया। सत्ता से बाहर होने के बाद अब आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल उनके नाम पर घड़ियाली आंसू बहा कर राजनीतिक सुर्खियां बटोरने में लगे हैं।
सचदेवा ने कहा कि दिल्ली की भाजपा सरकार ने मोहल्ला क्लीनिक चलते रहने की स्पष्ट घोषणा की है, लेकिन कुछ मोहल्ला क्लीनिकों के स्थान पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाये जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार कॉन्ट्रैक्ट कर्मियों के प्रति संवेदनशील है और कल ही स्वास्थ्य मंत्री ने सभी मोहल्ला क्लीनिक स्टॉफ को आश्वस्त किया कि उनकी सेवाएं कॉन्ट्रैक्ट अनुसार अगले एक वर्ष तक बनी रहेंगी। इसके साथ आयुष्मान आरोग्य मंदिर के लिए एनएचएम नियमों के अंतर्गत स्टॉफ भर्ती में भी अवसर दिया जाएगा।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 2015-16 में सरकारी नौकरी के लालच में केजरीवाल सरकार ने हजारों युवकों को बिना किसी भर्ती नियम का पालन किए कॉन्ट्रैक्ट नौकरियां दीं। भाजपा सरकार बस मार्शल, सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स, डाटा ऑपरेटर, मोहल्ला क्लीनिक स्टॉफ व अन्य अस्थाई कर्मियों के प्रति संवेदनशील है। सरकार सभी को नियमानुसार नौकरी देने के लिए प्रयासरत है।
