विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि पाकिस्तान के शहरों और कस्बों से आतंकवादी संगठन खुलेआम अपनी गतिविधियां चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में आतंकवाद एक खुला कारोबार है, जिसे पाकिस्तानी सेना और सरकार द्वारा समर्थन, वित्त पोषण और इस्तेमाल किया जाता है।
एक जर्मन समाचार पत्र को दिए साक्षात्कार में डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत ने आतंकवादियों को स्पष्ट संकेत दे दिया है कि आतंकवादी हमलों के लिए उन्हें कीमत चुकानी होगी।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की जवाबी कार्रवाई पर विदेश मंत्री ने कहा कि भारत ने संयमित और बिना किसी उकसावे के हमला किया। उन्होंने कहा कि भारत ने दिखा दिया है कि वह उनकी वायु रक्षा प्रणालियों को निष्क्रिय कर सकता है।
भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम पर डॉ. एस जयशंकर ने कहा कि दोनों पक्षों के सैन्य कमांडरों के बीच सीधे संपर्क के माध्यम से गोलीबारी बंद करने पर सहमति बनी थी। उन्होंने कहा कि भारत ने पाकिस्तान के मुख्य एयरबेस और वायु रक्षा प्रणाली पर प्रभावी हमला किया और उन्हें निष्क्रिय कर दिया।
