रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घकालिक दृष्टिकोण के कारण रेलवे का बुनियादी ढांचा बहुत व्यापक हो गया है, जिससे देश के विभिन्न हिस्से आपस में जुड़ गए हैं। वे कल चेन्नई के पेरम्बूर स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री में आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। श्री सोमन्ना ने आईसीएफ के फर्निशिंग शेड का दौरा करने के बाद कहा कि मोदी सरकार द्वारा शुरू की गई मेक इन इंडिया पहल से देश में उत्पादन और विनिर्माण में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु सहित दक्षिणी राज्य विकास संतुलन बनाए रखने में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
रेलवे में सरकार की उल्लेखनीय उपलब्धियों जैसे वंदे भारत ट्रेनों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आईसीएफ के इंजीनियरों की बदौलत ही यह सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि आईसीएफ हर साल 50 ट्रेनें बनाएगा। मंत्री ने बताया कि पिछले साल फैक्ट्री में 3700 कोच बनाए गए थे और इस साल 4200 कोच बनाने का लक्ष्य है।
