अयोध्या,19 जनवरी । डाॅ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के एक्टिविटी क्लब और अधिष्ठाता छात्र कल्याण के संयुक्त तत्वावधान में व्यवसाय प्रबंध एवं उद्यमिता विभाग के शिक्षकों को सड़क सुरक्षा जागरूकता माह के अंतर्गत प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में एआरटीओ अयोध्या आर पी सिंह ने शिक्षकों को सड़क सुरक्षा के नियमों से परिचित कराया। उन्होंने बताया कि आये दिन सड़क दुर्घटना लोगों के लिए एक मुख्य समस्या बन गई है। इसके पीछे वाहन चालक की गलती, साइन बोर्ड का सही जगह पर न होना, नींद, थकान या नशे की हालत में वाहन चलाना, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल करना, गलत लेन में गाड़ी चलाना, ट्रैफिक नियमों का पालन न करना सहित कई कारण हो सकते है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद एक घंटे का गोल्डेन समय होता है जिसमें हम घायल व्यक्ति को नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना को कम करने में शिक्षण संस्थानों की भूमिका बढ़ जाती है। शिक्षकों द्वारा सड़क सुरक्षा के नियमों का स्वयं पालन करने के साथ छात्रों को भी इससे जागरूक करें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में एआरटीओ ने शिक्षकों से कहा कि अपने आस-पास रहने वाले लोगों को सड़क सुरक्षा से जागरूक करें। बच्चों को भी ऐसी गाड़ियों से विद्यालय न भेजें जिसका फिटनेस व रजिस्ट्रेशन न हुआ हो। इसका ध्यान देने से काफी हद तक खुद के साथ लोगों को दुर्घटनाओं से बचा सकते हैं। उन्होंने बताया कि एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते सभी का परम कर्तव्य बनता है कि सरकार के इस अभियान को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाएं और सड़क सुरक्षा माह को सफल बनाएं। इसके साथ ही उन्होंने यातायात से संबंधित शिक्षकों के विभिन्न प्रश्नों का भी समाधान किया।
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो0 नीलम पाठक, एमबीए विभागाध्यक्ष प्रो0 हिमांशु शेखर सिंह, शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो.शैलेन्द्र वर्मा, महामंत्री डॉ. राना रोहित सिंह, डॉ. वंदना रंजन सहित एक्टिविटी क्लब के निदेशक डॉ. मुकेश कुमार वर्मा, डॉ. महेन्द्र पाल सिंह, डॉ. प्रभात कुमार सिंह, डॉ0.शैलेन वर्मा, डॉ. स्नेहा पटेल, डॉ.शिवांश कुमार, संघर्ष सिंह, डॉ. श्रीष अस्थाना, डॉ.निमिष मिश्रा, डॉ. आशुतोष पांडेय, डॉ.रामजीत सिंह यादव, डॉ.राकेश कुमार, डॉ.अंशुमान पाठक, डॉ. आशीष पटेल, डॉ. दीपा सिंह, डॉ. प्रियंका सिंह, डॉ. कविता श्रीवास्तव, डॉ0.अनिता मिश्रा, डॉ. कपिल देव, डॉ. प्रवीण राय, डॉ.रविन्द्र भारद्वाज, सूरज सिंह, डॉ. रामजी सिंह, डॉ. विवेक उपाध्याय, योगेश दीक्षित, हर्षवर्धन, जूलियस कुमार सहित अन्य शिक्षकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
