पिथौरागढ़,19 जनवरी । धारचूला और मुनस्यारी क्षेत्र के आपदा प्रभावितों के साथ भेदभाव काे धारचूला के विधायक हरीश धामी ने गुरुवार को तहसील परिसर में धरना दिया और एक दिन का उपवास रखा।
इस दौरान हरीश धामी ने कहा कि पिथौरागढ़ जिले का धारचूला और मुनस्यारी क्षेत्र लंबे समय से आपदा की मार झेल रहा है। जोशीमठ से भी बड़ी आपदा इन क्षेत्रों में तबाही मचा रही है लेकिन सरकार यहां के आपदा प्रभावितों के लिए आंख बंद कर बैठी है। विधायक ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि धारचूला के खोतिला के आपदा प्रभावित पिछले 6 महीने से राहत शिविर में रह रहे हैं लेकिन सरकार में अब तक उन्हें ना तो मुआवजा दिया और ना हीं उनके विस्थापन की कोई व्यवस्था की है।
उनका कहना है कि धारचूला और मुनस्यारी के अनेक इलाकों में लंबे समय से गांव के गांव भूस्खलन की चपेट में हैं और लोग अपना घर बार छोड़ कर जा रहे हैं लेकिन सरकार लोगों की कोई बात नहीं सुन रही है। उन्होंने सरकार से धारचूला और मुनस्यारी के आपदा प्रभावितों को जोशीमठ की तरह ही मुआवजा देने और विस्थापित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार एक देश में दो तरह के कानून लागू नहीं कर सकती है। अगर सरकार उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेगी तो वे सड़क से सदन तक आंदोलन के साथ ही कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाने के लिए बाध्य होंगे।
