भारत ने आज संयुक्त राष्ट्र महासभा में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के भाषण का तीखा खंडन करते हुए उनकी टिप्पणियों को बेतुका नाटक करार दिया और कहा कि किसी भी हद तक नाटक तथ्यों को नहीं छिपा सकता। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के भाषण पर भारत के जवाब देने के अधिकार का प्रयोग करते हुए, संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में प्रथम सचिव, पेटल गहलोत ने कहा, प्रधानमंत्री शरीफ ने एक बार फिर आतंकवाद का महिमामंडन किया, जो उनकी विदेश नीति का केंद्रबिंदु है।
आतंकवाद पर पाकिस्तान के रिकॉर्ड की ओर इशारा करते हुए, सुश्री गहलोत ने पहलगाम हमले में इस्लामाबाद की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, यह वही पाकिस्तान है जिसने इस साल अप्रैल में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में, भारतीय केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में पर्यटकों के बर्बर नरसंहार की ज़िम्मेदारी से पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादी संगठन, रेजिस्टेंस फ्रंट, को बचाया था। अपने जवाब में, सुश्री गहलोत ने कहा, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने भारत के साथ शांति की बात कही है। अगर वह सचमुच ईमानदार हैं, तो रास्ता साफ़ है।
पाकिस्तान को तुरंत सभी आतंकवादी शिविर बंद करने चाहिए और भारत में वांछित आतंकवादियों को उसे सौंप देना चाहिए। उन्होंने कहा, यह भी विडंबना है कि नफरत, कट्टरता और असहिष्णुता में विश्वास रखने वाला देश इस सभा को आस्था के मामलों पर उपदेश दे रहा है। भारतीय राजनयिक ने कहा, एक तस्वीर हज़ार शब्द बयां करती है और दुनिया ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बहावलपुर और मुरीदके आतंकी परिसरों में भारतीय सेना द्वारा मारे गए आतंकवादियों की कई तस्वीरें देखी हैं।
उन्होंने वरिष्ठ पाकिस्तानी सैन्य और असैन्य अधिकारियों द्वारा सार्वजनिक रूप से ऐसे कुख्यात आतंकवादियों का महिमामंडन और सम्मान करने की भी बात की। उन्होंने भारत के साथ हालिया संघर्ष के बारे में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के बयान को विचित्र बताया। उन्होंने कहा, इस मामले का रिकॉर्ड स्पष्ट है। 9 मई तक, पाकिस्तान भारत पर और हमले करने की धमकी दे रहा था। लेकिन 10 मई को, सेना ने भारत से सीधे लड़ाई बंद करने की अपील की। इस बीच, भारतीय सेना द्वारा कई पाकिस्तानी हवाई ठिकानों को तबाह कर दिया गया। उन्होंने कहा, अगर नष्ट हुए रनवे और जले हुए हैंगर जीत की तरह लगते हैं, जैसा कि प्रधानमंत्री ने दावा किया है, तो पाकिस्तान इसका आनंद ले सकता है।
पाकिस्तान द्वारा आतंकवादियों को पनाह देने के इतिहास को याद करते हुए, श्रीमती गहलोत ने कहा कि देश के मंत्रियों ने हाल ही में स्वीकार किया है कि वे दशकों से आतंकवादी शिविर चला रहे हैं। उन्होंने आतंकवाद पर भारत के रुख को भी दोहराया कि आतंकवादियों और उनके प्रायोजकों के बीच कोई भेद नहीं किया जाएगा, और न ही भारत परमाणु ब्लैकमेल की आड़ में आतंकवाद को पनपने देगा। उन्होंने कहा कि दुनिया के लिए भारत का संदेश स्पष्ट है कि आतंकवाद के प्रति कतई सहनशीलता नहीं होनी चाहिए।
भारतीय राजनयिक ने कहा, “भारत और पाकिस्तान लंबे समय से इस बात पर सहमत हैं कि उनके बीच किसी भी लंबित मुद्दे को द्विपक्षीय रूप से सुलझाया जाएगा।” उन्होंने कहा कि इस संबंध में किसी तीसरे पक्ष के लिए कोई जगह नहीं है। यह भारत का दीर्घकालिक राष्ट्रीय रुख है। उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि अतीत की तरह, भारत में निर्दोष नागरिकों पर हुए आतंकवादी हमलों के लिए पाकिस्तान ज़िम्मेदार है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि भारत ने अपने लोगों की रक्षा के अधिकार का प्रयोग किया है।
