नई दिल्ली, राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने के मद्देनजर यात्रियों को रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन और एयरपोर्ट पर समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे सुरक्षा जांच में सहयोग करें ताकि किसी तरह की असुविधा या देरी से बचा जा सके।
रेलवे के पुलिस उपायुक्त केपीएस मल्होत्रा के अनुसार, यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के निर्धारित प्रस्थान समय से कम से कम एक घंटा पहले, मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो चलने के समय से कम से कम 20 मिनट पहले और एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय उड़ान के निर्धारित समय से तीन घंटे पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।
मल्होत्राने बताया कि यह एडवाइजरी राजधानी दिल्ली में प्रमुख रेलवे स्टेशनों, मेट्रो स्टेशनों और एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षा जांच को और सख्त किए जाने के चलते जारी की गई है। पुलिस उपायुक्त का कहना है कि यह कदम यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और भीड़भाड़ के बीच यात्रा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए उठाया गया है। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे सुरक्षा एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करें और आवश्यक दस्तावेज तथा टिकट समय से पहले जांच के लिए तैयार रखें और ताकि यात्रा में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
