सर्दियों के मौसम में बच्चों और बड़ों दोनों को अतिरिक्त ऊर्जा और पोषण की जरूरत होती है। खासकर बच्चों के लिए रोज़ का दूध और भी ज़्यादा पौष्टिक बनाना जरूरी हो जाता है। अगर आपका बच्चा दूध पीने में आनाकानी करता है, तो मिक्स ड्राई फ्रूट पाउडर एक आसान और असरदार उपाय है। यह न सिर्फ दूध का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद होता है।
बादाम, काजू, पिस्ता और अखरोट जैसे ड्राई फ्रूट्स को पीसकर बनाए गए पाउडर को दूध में मिलाने से उसका स्वाद क्रीमी और स्वादिष्ट हो जाता है, जिसे बच्चे खुशी-खुशी पी लेते हैं। साथ ही, इनमें मौजूद पोषक तत्व शरीर को ताकत देने के साथ-साथ दिमागी विकास और हड्डियों को मजबूत बनाने में भी मदद करते हैं।
बाजार नहीं, घर पर बनाएं ड्राई फ्रूट पाउडर
मार्केट में मिलने वाले ड्राई फ्रूट पाउडर में अक्सर अतिरिक्त चीनी और प्रिज़रवेटिव्स मिले होते हैं, जो बच्चों की सेहत के लिए ठीक नहीं होते। इसलिए घर पर बना हुआ ड्राई फ्रूट पाउडर सबसे सुरक्षित और हेल्दी विकल्प है। आप जरूरत के अनुसार इसकी मात्रा तैयार कर सकते हैं और यह लंबे समय तक ताज़ा भी रहता है।
बनाने का आसान तरीका
ड्राई फ्रूट पाउडर बनाने के लिए सभी ड्राई फ्रूट्स को अच्छी तरह साफ करें। फिर उन्हें हल्की आंच पर या धूप में हल्का सा रोस्ट कर लें। पूरी तरह ठंडा होने के बाद मिक्सर में पहले इलायची और केसर पीसें, फिर रोस्ट किए हुए ड्राई फ्रूट्स डालकर बारीक पाउडर बना लें। तैयार पाउडर को एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करें।
इस्तेमाल कैसे करें
एक कप गर्म दूध में 1 से 2 चम्मच ड्राई फ्रूट पाउडर मिलाएं और अच्छे से घोल लें। यह दूध स्वाद में लाजवाब होने के साथ-साथ एक हेल्दी और एनर्जी से भरपूर ड्रिंक बन जाता है, जो बच्चों और बड़ों दोनों के लिए बेहतरीन है।
सेहत को मिलने वाले फायदे
यह ड्राई फ्रूट पाउडर हेल्दी फैट्स और प्रोटीन से भरपूर होता है। इसमें मौजूद आयरन और कैल्शियम हड्डियों को मजबूत बनाते हैं। यह बच्चों की याददाश्त और दिमागी विकास के लिए बेहद लाभकारी है, साथ ही स्टैमिना और एनर्जी बढ़ाने में भी मदद करता है। इसके नियमित सेवन से भूख अच्छी लगती है और वजन संतुलित रहता है।
आप चाहें तो मिक्स ड्राई फ्रूट पाउडर के अलावा केवल बादाम पाउडर या काजू-पिस्ता पाउडर भी इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन बादाम और अखरोट सबसे ज्यादा फायदेमंद माने जाते हैं, जो दिमाग, दिल और हड्डियों की सेहत के लिए बेहतरीन हैं।
