संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा है कि वैश्विक दक्षिण में पहली बार आयोजित होने वाले एआई शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए भारत सबसे उपयुक्त स्थान है। आज से शुरू हो रहे एआई इम्पैक्ट समिट 2026 से पहले पीटीआई से बातचीत में गुटेरेस ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता को पूरी दुनिया की सेवा करनी चाहिए, न कि केवल कुछ शक्तिशाली देशों की।
इस बीच, ब्रिटिश सरकार ने कहा है कि नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान ब्रिटेन का मुख्य उद्देश्य यह बताना होगा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता किस प्रकार विकास को गति दे सकती है, नए रोजगार सृजित कर सकती है, सार्वजनिक सेवाओं में सुधार कर सकती है और विश्वभर के लोगों को लाभ पहुंचा सकती है। उप प्रधानमंत्री डेविड लैमी और एआई मंत्री कनिष्क नारायण के नेतृत्व में ब्रिटिश प्रतिनिधिमंडल इस बात पर प्रकाश डालना चाहता है कि एआई दुनिया के हर कोने में रोजमर्रा की जिंदगी को कैसे बेहतर बना सकती है और एआई को नवीनीकरण के एक ऐसे इंजन के रूप में प्रस्तुत करना चाहता है जो डॉक्टरों को तेजी से निदान करने, शिक्षकों को व्यक्तिगत शिक्षण प्रदान करने, परिषदों को मिनटों में सेवाएं प्रदान करने और व्यवसायों को अगली पीढ़ी के अच्छे रोजगार सृजित करने में मदद कर सकता है।
