कोलकाता, 01 फरवरी। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से बुधवार को पेश किए गए आम बजट की बंधन बैंक के सीईओ चंद्रशेखर घोष ने सराहना की है। उन्होंने कहा है कि यह बजट देश के दूरगामी विकास में बेहद प्रभावी साबित होगा। बजट में वरिष्ठ नागरिकों, छात्र-छात्राओं, मेडिकल की पढ़ाई करने वालों, एमएसएमई के लिए उम्दा प्रावधान किया गया है।
खासतौर पर पैन कार्ड को पहचान पत्र के तौर पर सहमति देने को लेकर हिन्दुस्थान समाचार से विशेष बातचीत में बजट की सराहना करते हुए घोष ने कहा कि इससे देश के किसी भी दूसरे हिस्से में जाने वाले लोग आसानी से अपना खाता खुलवा सकेंगे। उन्होंने कहा कि पहले खाता खुलवाने के लिए स्थानीय पहचान पत्र की जरूरत होती थी लेकिन पैन कार्ड को सहमति मिल जाने के बाद यह समस्या नहीं होगी। इसके अलावा किसी भी देश के विकास में सूक्ष्म, मध्यम और लघु उद्योग सबसे अधिक सहायक सिद्ध होते हैं। इन्हें पुनर्जीवित करने के लिए बजट में प्रावधान किया गया है जो बेहद ही सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए ब्याज दर को बढ़ाकर आठ फीसदी किया गया है जो उनके जीवन यापन में और मददगार साबित होगा। खासतौर पर इंफ्रास्ट्रक्चर में 10 लाख करोड़ के बजट प्रावधान की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इससे निवेश बढ़ेंगे, उद्योग बढ़ेंगे, लोगों को रोजगार मिलेगा, छोटे-छोटे उद्योग विकसित होंगे जो देश के आर्थिक विकास पर दूरगामी प्रभावी होगा।
