कोलकाता, 01 फरवरी। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से बुधवार को पेश किए गए आम बजट की सराहना प्रसिद्ध उद्योगपति सज्जन बंसल ने की। उन्होंने कहा कि यह बजट विकासोन्मुखी है।
भारत की सबसे बड़ी कंपनियों में एक स्कीपर लिमिटेड कंपनी के निदेशक सज्जन बंसल ने कहा कि यह बजट विकासोन्मुखी है। आगे उन्होंने कहा कि मध्यम वर्ग, निम्न वर्ग और उद्योग जगत तीनों के लिए बजट नई संभावनाओं वाला है।
उन्होंने कहा कि बजट में प्रधानमंत्री आवास योजना का फंड 66 फीसदी बढ़ाया गया है। इससे अधिक से अधिक मकान का निर्माण होगा और गरीबों को रोजगार मिलेगा। इससे आवास निर्माण में जुटे उद्योग जगत को भी काम मिलेगा। इसके अलावा आधारभूत संरचना के लिये 10 लाख करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है, जो पिछले साल के मुकाबले 33 फीसदी ज्यादा है। यह देश के दूर गामी विकास में सबसे अधिक मददगार होगा।
बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी देश की आधारभूत संरचना जितनी विकसित होगी, वह देश आर्थिक तौर पर उतना ही विकसित होगा। भारत में लगातार इसका विकास हो रहा है, जिससे नए निवेश, उद्योग को बढ़ावा देने और रोजगार सृजन में मददगार साबित होने वाला है।
आगे उन्होंने कहा कि लेह और लद्दाख में नई रेलवे लाइन निर्माण के लिए 20 लाख करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है, जो देश के सुदूर क्षेत्रों में परिवहन और संपर्क बहाल करने में मील का पत्थर साबित होगा। इससे औद्योगिक घरानों को भी बेहद लाभ होने वाला है। साथ ही ग्रीन एनर्जी के लिए भी नया आवंटन किया गया है। कुल मिलाकर कहें तो यह बजट देश के आर्थिक विकास और मजबूती में बेहद मददगार साबित होने वाला है।
