April 30, 2026

Blog

Spread the love

काठमांडू, 30 अप्रैल। नेपाल के राष्ट्रीय ध्वजवाहक नेपाल वायु सेवा निगम द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक नक्शे में भारत के जम्मू-कश्मीर क्षेत्र को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाए जाने के बाद व्यापक आलोचना हुई है। एयरलाइन ने इस गलती को स्वीकार करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है और संबंधित नक्शे को सोशल मीडिया से हटा लिया है।

नेपाल एयरलाइंस ने कहा, “हम अपने सोशल मीडिया के माध्यम से हाल ही में साझा किए गए नेटवर्क नक्शे में हुई त्रुटि के लिए क्षमाप्रार्थी हैं। उस नक्शे में अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से जुड़ी गंभीर मानचित्रण त्रुटियां थीं।” साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि यह नक्शा नेपाल या एयरलाइन की आधिकारिक धारणा को प्रतिबिंबित नहीं करता।

एयरलाइन ने बताया कि गलत नक्शे वाली पोस्ट हटा दी गई है और मामले की आंतरिक समीक्षा की जा रही है। एयरलाइंस ने कहा, “हम यह सुनिश्चित करने के लिए आंतरिक जांच कर रहे हैं कि हमारी सामग्री उच्चतम सटीकता मानकों को पूरा करे। हम अपने पड़ोसी और मित्र देशों के साथ मजबूत संबंधों को अत्यंत महत्व देते हैं और इस पोस्ट से यदि किसी को असहजता या आपत्ति हुई है तो उसके लिए खेद व्यक्त करते हैं।”

इस नक्शे को लेकर भारत में व्यापक विरोध हुआ। भारतीय नागरिकों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नेपाल एयरलाइंस और जम्मू-कश्मीर से जुड़े हैशटैग के साथ तीखी प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ लोगों ने एयरलाइन को भारत विरोधी तक करार दिया।