नई दिल्ली, 12 जून । दिल्ली के लॉरेंस रोड स्थित ब्रिटानिया चौक का नाम बदल कर अब दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार एवं पूर्व सांसद अश्विनी कुमार चोपड़ा (मिन्ना) के नाम पर रख दिया गया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू तथा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से नवनिर्मित ‘अश्विनी चोपड़ा (मिन्ना) चौक’ का उद्घाटन किया और नामकरण पट्टिका का अनावरण किया। इस मौके पर दिल्ली के कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, दक्षिण दिल्ली से सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, चांदनी चौक से सांसद प्रवीण खंडेलवाल, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री विजय गोयल और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा सहित कई विधायक और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
उपराज्यपाल संधू ने कहा कि अश्विनी कुमार चोपड़ा केवल एक पत्रकार या जनप्रतिनिधि नहीं थे बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पित एक असाधारण व्यक्तित्व थे। उनका साहस और लोगों के प्रति स्नेह उन्हें सबसे अलग बनाता था। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की यह पहल बेहद सराहनीय है। अब यह हम सभी नागरिकों, प्रशासन और परिवार की सामूहिक जिम्मेदारी है कि इस चौक को दिल्ली के सबसे स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित सार्वजनिक स्थलों में शामिल किया जाए ताकि उनके नाम का सम्मान सदैव बना रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता, सार्वजनिक जीवन और समाज सेवा के क्षेत्र में अश्विनी कुमार चोपड़ा का कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने (मिन्ना) एक निर्भीक पत्रकार के रूप में अपनी लेखनी के माध्यम से हमेशा समाज की आवाज़ को बुलंद किया। इस महत्वपूर्ण चौक का नामकरण केवल एक औपचारिकता नहीं बल्कि उनके व्यक्तित्व और देश के प्रति योगदान को समाज की ओर से दी गई एक सच्ची श्रद्धांजलि है।
उल्लेखनीय है कि दिवगंत अश्विनी कुमार चोपड़ा (मिन्ना) करनाल से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ पत्रकार थे। वर्ष 2014 -2019 तक उन्होंने करनाल लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और सार्वजनिक जीवन में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। वह विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ सौहार्दपूर्ण संबंधों और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए जाने जाते थे।
