भारतीय रेलवे ने इस वर्ष जुलाई में पिछले वर्ष के इसी महीने की तुलना में माल ढुलाई में 9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। जुलाई 2026 में इसने 141.3 मिलियन टन माल की ढुलाई की, जबकि पिछले वर्ष जुलाई में यह आंकड़ा 129.7 मिलियन टन था। यह प्रदर्शन अर्थव्यवस्था के प्रमुख क्षेत्रों में निरंतर मांग और माल ढुलाई व्यवस्था और परिचालन दक्षता में सुधार के लिए जारी प्रयासों को दर्शाता है।
इसके अलावा, लौह अयस्क की लोडिंग में 22.2 प्रतिशत, कोयले में 11.5 प्रतिशत, खाद्यान्न में 11.5 प्रतिशत, उर्वरकों में 12 प्रतिशत और शेष अन्य वस्तुओं में 12.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई। भारतीय रेलवे ने पिछले वर्ष के इसी महीने की तुलना में जुलाई में तापीय ऊर्जा संयंत्रों में कोयले की मांग में वृद्धि के कारण बिजली संयंत्रों को घरेलू कोयले की आपूर्ति में 20 प्रतिशत की वृद्धि की। माल ढुलाई में वृद्धि के परिणामस्वरूप जुलाई 2025 में माल ढुलाई राजस्व में एक हजार एक सौ करोड़ रुपये से अधिक की वृद्धि हुई, जो 8 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है।
