केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भारत के पहले स्वदेशी रूप से विकसित हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाले समुद्री जहाज की सराहना करते हुए इसे सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों के संयुक्त प्रयासों से उत्पन्न सफलता की कहानी बताया। डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज नई दिल्ली में वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) की चल रही पहलों और उपलब्धियों की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की।
चर्चा के दौरान, मंत्री ने सीएसआईआर के वैज्ञानिक प्रयासों को आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण के साथ जोड़ने के महत्व पर जोर दिया, खासकर महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में जहां स्वदेशी विकास महत्वपूर्ण है। मंत्री ने सीएसआईआर-न्यू मिलेनियम इंडियन टेक्नोलॉजी लीडरशिप इनिशिएटिव (एनएमआईटीएलआई) की सराहना करते हुए इसे सार्वजनिक-निजी क्षेत्र में सहयोगी नवाचार का एक अनूठा उदाहरण बताया।
